17 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर:भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता पखवाड़ा (16 जून से 30 जून 2026) का शुभारंभ एसईसीएल मुख्यालय में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम के साथ किया गया। कार्यक्रम में एसईसीएल के सीएमडी श्री हरीश दुहन ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमसंघ प्रतिनिधियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।

मुख्यालय स्थित प्रशासनिक भवन के आगंतुक कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (वित्त) श्री डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) श्री रमेश चंद्र महापात्र सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी एवं श्रमसंघ प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में सीएमडी श्री हरीश दुहन ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि संस्थागत संस्कृति और सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सभी कर्मियों से स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही स्वच्छ भारत के लक्ष्य को प्रभावी रूप से हासिल किया जा सकता है।
एसईसीएल प्रबंधन के अनुसार स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान कंपनी की सभी इकाइयों एवं प्रतिष्ठानों में स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा विभिन्न सहभागिता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों और आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।
