16 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:नगर निगम के एक कर्मचारी पर रिश्वत लेने और राशि वापस नहीं करने का गंभीर आरोप लगाते हुए एक नागरिक ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जनदर्शन में दिए गए आवेदन के अनुसार, अशोक नगर स्थित रघु विहार कॉलोनी निवासी कृष्णा सोनी ने बताया कि उनकी भूमि का नक्शा पास कराने के लिए नगर निगम के जोन क्रमांक-8 में पदस्थ कर्मचारी अवनीश केशरी से संपर्क किया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कर्मचारी ने नक्शा पास कराने की प्रक्रिया के लिए 50 हजार रुपये की मांग की थी, जिसे उन्होंने दे दिया।

आवेदन में बताया गया है कि भुगतान के बाद उन्हें केवल 24 हजार 266 रुपये की आधिकारिक रसीद दी गई। शेष राशि वापस मांगने पर संबंधित कर्मचारी द्वारा विभिन्न बहाने बनाकर टालमटोल किया जाता रहा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ दिलाने का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन जानकारी लेने पर उन्हें पता चला कि योजना के तहत सीमित क्षेत्रफल का ही मकान बनाया जा सकता है, जिसके बाद उन्होंने प्रस्ताव ठुकरा दिया।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि बार-बार मांग करने के बावजूद शेष लगभग 25 हजार 700 रुपये वापस नहीं किए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, हाल ही में कर्मचारी ने उन्हें केवल 5 हजार रुपये लौटाने की पेशकश की, जिसे उन्होंने अस्वीकार कर दिया। उनका आरोप है कि संबंधित कर्मचारी ने पूरी राशि लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
कृष्णा सोनी ने कलेक्टर से मामले की जांच कर कथित रिश्वतखोरी एवं अनियमितता के आरोपों पर कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से शिकायत पर जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी नहीं मिली है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
