16 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने निजी एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे और नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।
जनदर्शन में तखतपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत मोछ के जनपद सदस्य रामकुमार सिंगरौल ने ग्राम जोरापारा को स्वतंत्र राजस्व ग्राम घोषित किए जाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि लगभग 1800 की आबादी वाले इस क्षेत्र को राजस्व ग्राम का दर्जा मिलने से विकास कार्यों को गति मिलेगी।
विकासखंड मस्तुरी के ग्राम लिमतरा निवासी मुरलीधर पटेल ने अपने पोल्ट्री फार्म को तेज तूफान से हुए नुकसान की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 15 मई को आए आंधी-तूफान में चार सागौन के पेड़ उनके पोल्ट्री फार्म पर गिर गए, जिससे फार्म पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने नुकसान का सर्वे कराने और गिरे हुए पेड़ों को हटाने की अनुमति देने की मांग की।
तखतपुर के ग्राम सेमरा निवासी राजेंद्र जायसवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किश्त की राशि नहीं मिलने की शिकायत करते हुए मकान निर्माण कार्य पूर्ण कराने के लिए राशि जारी करने की मांग की। वहीं ग्राम मटियारी निवासी किसान रामकिशुन सूर्यवंशी ने आठ वर्ष पूर्व राशि जमा करने के बावजूद खेत तक विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर नहीं लगाए जाने की समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी।
जनदर्शन में छात्रवृत्ति से संबंधित मामला भी सामने आया। जोरापारा की छात्रा रिंकी ने बताया कि कक्षा 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद पात्र होने के बावजूद उसे अब तक छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिला है। उसने छात्रवृत्ति स्वीकृत कराने की मांग की।
बेलतरा तहसील के ग्राम लिम्हा निवासी रेशमदास मानिकपुरी ने कृषि भूमि के सीमांकन में हो रही देरी की शिकायत करते हुए बताया कि मार्च 2026 में शुल्क जमा करने के बाद भी सीमांकन कार्य नहीं हुआ है। उन्होंने शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
मिनीमाता नगर, तालापारा निवासी रविंद्र कुमार खुंटे ने नवंबर 2025 में हुई आगजनी की घटना से हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति हेतु आर्थिक सहायता प्रदान करने का आवेदन दिया। वहीं बापू उपनगर की दिव्यांग महिला सन्नो ने शारीरिक असुविधा का हवाला देते हुए आवंटित शासकीय आवास का स्थान परिवर्तन कर हेमूनगर क्षेत्र में आवास उपलब्ध कराने की मांग रखी।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जांच एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
