16 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 15 जून 2026। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को बिलासपुर के बी.आर. यादव स्मृति राज्य स्तरीय खेल परिसर, बहतराई इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” रखी गई है। कार्यक्रम के तहत प्रातः 7 बजे से सामूहिक योगाभ्यास एवं विभिन्न योग आसनों का प्रदर्शन किया जाएगा।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में कार्यक्रम की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, उद्यानिकी विभाग, खाद्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा आयुष विभाग सहित अन्य विभाग समन्वित रूप से व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जिले की सभी जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों एवं शैक्षणिक संस्थानों में भी योग दिवस के आयोजन के निर्देश दिए गए हैं। योग दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधरोपण, बीज वितरण, स्वच्छता अभियान तथा पर्यावरण जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, स्काउट-गाइड, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) सहित विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। आयोजन स्थल पर प्रतिभागियों के लिए आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों एवं चिकित्सा दलों की तैनाती की जाएगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान की जा सके।
योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा के लिए 16 जून को कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा जिले में योग के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
