15 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़:जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और औद्योगिक क्षेत्रों में हो रही चोरी पर शिकंजा कसते हुए रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई की है। थाना चक्रधरनगर पुलिस ने ग्राम तिलगा स्थित पटेल ढाबा के पास 8 टन पॉयलट गोली (कच्चा आयरन) से भरे एक ट्रेलर को जब्त किया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रेलर में बड़ी मात्रा में संदिग्ध कबाड़ सामग्री का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन क्रमांक JH-16-J-6729 को रोककर जांच की।
जांच के दौरान ट्रेलर में लगभग 8 टन पॉयलट गोली लोड मिली। चालक नंदू वर्मा और वाहन स्वामी हरेन्द्र कुमार गोंड उर्फ अभय से परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन दोनों कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रारंभिक जांच में सामग्री के चोरी की संपत्ति होने की आशंका पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रेलर सहित पूरी सामग्री जब्त कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। साथ ही पॉयलट गोली के स्रोत, वास्तविक स्वामित्व और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
