15 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रायपुर। देश के लोकतांत्रिक इतिहास के सबसे विवादित और काले अध्याय माने जाने वाले आपातकाल की स्मृतियों को जीवित रखने तथा नई पीढ़ी को लोकतंत्र के महत्व से अवगत कराने के उद्देश्य से 28 जून को राजधानी रायपुर में लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान का भव्य आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करेंगे तथा आपातकाल विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत करेंगे।लोकतंत्र सेनानी संघ छत्तीसगढ़ एवं लोकतंत्र प्रहरी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यविंद्र उपासने ने बताया कि 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय माना जाता है।

आपातकाल के दौरान नागरिक स्वतंत्रताओं पर प्रतिबंध लगाए गए, हजारों लोकतंत्र समर्थकों को जेलों में बंद किया गया तथा प्रेस की स्वतंत्रता पर भी अभूतपूर्व अंकुश लगाया गया था।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों के योगदान को सम्मान देने और युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इसी कड़ी में इस वर्ष भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया जाएगा।कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के रूप में विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर आयोजित प्रदेश स्तरीय निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 31 हजार, 21 हजार और 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।सम्मेलन में आपातकाल से जुड़े संदर्भ ग्रंथ “आपातकाल योद्धा” का विमोचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार होंगे, जो आपातकाल और लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने विचार रखेंगे।
यह आयोजन 28 जून को सुबह 11 बजे रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा। कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रहने की संभावना है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
