15 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़/लैलूंगा
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने ग्रामीण हाट-बाजारों में महिलाओं और आम नागरिकों को निशाना बनाकर झपटमारी और पाकेटमारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच महिला एवं एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 18 ग्राम वजनी सोने की चैन, एक इको कार और मोबाइल फोन सहित करीब 7 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।

जानकारी के अनुसार लैलूंगा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षिका मरियम टोप्पो (67) 13 जून को अपने पति के साथ साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने पहुंची थीं। इसी दौरान अज्ञात बदमाश उनके गले से सोने की चैन झपटकर भागने लगे। घटना के तुरंत बाद बाजार में ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षक पूनम साहू ने ग्रामीणों की मदद से एक संदिग्ध महिला मंगरीता गिरी को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक गिरी को हिरासत में लेकर सघन पूछताछ की। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र से इको वाहन में सवार होकर लैलूंगा बाजार पहुंचे थे और संगठित तरीके से झपटमारी व पाकेटमारी की वारदातों को अंजाम देते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर लैलूंगा पुलिस ने जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर पुलिस के सहयोग से देर रात दबिश देकर गिरोह की चार अन्य महिला सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मंगरीता गिरी, दीपक गिरी, रीला गिरी, राजमोहनी उर्फ ठोली, सोनम गिरी और उर्मिला गिरी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़िता की लगभग 2 लाख रुपये कीमत की 18 ग्राम वजनी सोने की चैन, घटना में प्रयुक्त करीब 5 लाख रुपये कीमत की इको कार तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना लैलूंगा में अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ग्रामीण हाट-बाजारों में आम नागरिकों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पाकेटमारी और झपटमारी जैसे अपराधों में शामिल संगठित गिरोहों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
