16 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:आगामी वर्षाकाल को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने मिनीमाता बांगो बांध माचाडोली एवं हसदेव बराज दर्री से आवश्यकता पड़ने पर पानी छोड़े जाने संबंधी अलर्ट जारी किया है। विभाग ने सर्वसाधारण, उद्योगों, ठेकेदारों तथा विभिन्न कार्य एजेंसियों को हसदेव नदी के तटीय एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से अपनी चल-अचल संपत्तियों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं।
जल संसाधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बाढ़ क्षेत्र में संचालित खनिज खदानों, औद्योगिक इकाइयों, संस्थानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों को अपनी परिसंपत्तियों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर ले जाना होगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि अचानक आने वाली बाढ़ से होने वाली किसी भी प्रकार की क्षति के लिए विभाग उत्तरदायी नहीं होगा।
संभावित रूप से प्रभावित ग्रामों में बांगो, लेपरा, नुनिया, कछार, कोनकोना, पोड़ीउपरोड़ा, चर्रा, पाराघाट, छिनमेर, सिरकीकला, केरा, पाथा, सिलियारीपारा, तिलसाभाटा, हथमार, छिर्रापारा, डग्गुपारा, करमीपारा, जुनापारा, लोरीडांड, टुंगमुड़ा, तिलाईडांड, नवागांव, झोरा, कौराघाट, पोड़ीखोहा, डोंगाघाट, धनगांव, लोटलोटा, नर्मदा, औराकछार, झाबू, सोनगुड़ा, स्याहीमुड़ी, जेलगांव, चारपारा, खैराभावना, बलरामपुर, भलपहरी, जोगीपाली, कोहड़िया, राताखार, गेवराघाट, इमलीडुग्गू, कुदुरमाल, बरीडीह, मोहरा, देवरी, चिचोली, कटबितला, झीका एवं ढिठोली सहित अन्य गांव शामिल हैं।
विभाग ने संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के संपर्क में रहें।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
