16 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, पीएमओ पोर्टल, मुख्यमंत्री जनदर्शन, सीजी ग्रिवांस, मुख्यमंत्री घोषणाओं एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए बिरकोना निवासी राजेंद्र साहू से स्वयं फोन पर चर्चा की। जब कलेक्टर ने अपना परिचय देते हुए कहा कि “मैं कलेक्टर बिलासपुर बोल रहा हूं”, तो आवेदक को पहले विश्वास नहीं हुआ। कलेक्टर ने उनकी शिकायत की जानकारी लेते हुए बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का पोर्टल फिलहाल बंद है और पोर्टल शुरू होते ही नियमानुसार कार्रवाई कर उन्हें योजना का लाभ दिलाया जाएगा। इस आश्वासन पर आवेदक ने संतोष व्यक्त किया।
कलेक्टर ने आगामी स्कूल प्रवेश उत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विद्यालयों में उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित करने और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर भवनों में बच्चों की पढ़ाई नहीं कराने, न्योता भोज आयोजित करने तथा शैक्षणिक गुणवत्ता और परीक्षा परिणाम सुधारने पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही आरटीई के तहत प्रवेशित बच्चों के साथ किसी भी प्रकार के भेदभाव पर सख्त नाराजगी जताई।
खाद एवं बीज वितरण की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 2 हजार मीट्रिक टन अधिक उर्वरक वितरित किया गया है। कलेक्टर ने समितिवार उपलब्धता की जानकारी लेते हुए परिवहन व्यवस्था मजबूत करने तथा अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अरपा नदी के पुनर्जीवन एवं समन्वित विकास की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने नदी किनारों पर व्यापक पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण और नदी के प्राकृतिक स्वरूप को पुनर्स्थापित करने के लिए योजनाबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अरपा नदी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की अपार संभावनाएं हैं, जिनका बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए।
सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त लगभग 27 हजार आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष 12 हजार लंबित आवेदनों का एक सप्ताह के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। जल संरक्षण के लिए बनाए जा रहे इंजेक्शन वेल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा केवल स्वच्छ एवं फिल्टर पानी को भू-जल स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
राजस्व विभाग की समीक्षा में एक वर्ष एवं तीन वर्ष से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों की पहचान कर राहत शिविरों के लिए स्थान चिन्हित करने को कहा गया। साथ ही नदियों से रेत उत्खनन पर प्रतिबंध लागू होने की जानकारी देते हुए अवैध उत्खनन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश खनिज विभाग को दिए गए।
कलेक्टर ने सर्पदंश राहत प्रकरणों में लापरवाही बरतने वाले दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 13 से 17 जुलाई तक प्रस्तावित विधानसभा सत्र को देखते हुए सभी विभाग प्राप्त प्रश्नों के समयबद्ध एवं तथ्यपरक उत्तर तैयार रखें। बैठक में 28 से 30 जून तक आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई तथा सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
सीजी क्राइम रिपोर्टर✍️प्रधान संपादक
