16 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जन्म जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत बिलासपुर पुलिस विभाग द्वारा “नशों में एकता, रक्तदान महादान” अभियान के अंतर्गत भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन स्थित चेतना भवन में आयोजित इस शिविर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए 35 यूनिट रक्तदान किया।

कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक श्री रजनेश सिंह (आईपीएस) के नेतृत्व में रेडक्रॉस सोसायटी जिला अस्पताल बिलासपुर के सहयोग से किया गया। शिविर में पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग (आईपीएस) तथा एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने स्वयं रक्तदान कर समाज को मानव सेवा और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। समय पर उपलब्ध रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से उनकी जयंती को सार्थक रूप से मनाया जा रहा है।

रक्तदान शिविर में रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन बी.एल. गोयल, राजीव अवस्थी, सौरभ सक्सेना सहित रेडक्रॉस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर में पुलिस विभाग एवं नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ एनसीसी कैडेट्स की भी सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, डीएसपी लाइन मंजुलता केरकेट्टा, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार गुप्ता, निरीक्षक उमेश साहू, निरीक्षक भावेश शेंडे, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


रक्तदान शिविर ने न केवल मानवता की सेवा का संदेश दिया बल्कि राष्ट्रीय एकता, सामाजिक जिम्मेदारी और जनकल्याण के प्रति पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
