18 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 18 फरवरी 2026। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के जिला संगठन आयुक्तों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा की अध्यक्षता में राज्य मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक में स्काउटिंग गतिविधियों को गति देने के लिए मेम्बरशिप ग्रोथ पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए गए।
राज्य मुख्य आयुक्त श्री खालसा ने जिला संगठन आयुक्तों से ऑनलाइन यूथ मैनेजमेंट सिस्टम (OYMS) पर प्राथमिकता के साथ कार्य करने तथा नए शैक्षणिक सत्र के लिए बेसिक कोर्स की ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने शासकीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत अंशदान सुनिश्चित करने, स्वामी आत्मानंद विद्यालयों को शामिल करने और अधिक से अधिक निजी विद्यालयों को स्काउटिंग गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।
जिला वार कार्यों की हुई गहन समीक्षा
बैठक में निर्धारित एजेंडा के अनुसार जिलों के कार्यों की वन-टू-वन समीक्षा की गई। जिला संगठन आयुक्तों ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 एवं 2025-26 के अंशदान, बेसिक कोर्स की स्थिति, नई यूनिट्स की स्थापना और जिलेवार कार्यक्रमों की जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही जिला मेम्बरशिप ग्रोथ स्ट्रेटजी, डैशबोर्ड, आय-व्यय की स्थिति और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के शिविरों में सहभागिता की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
राज्य मुख्य आयुक्त ने कंप्यूटर ऑपरेटर, आईटी जानकार लीडर्स, रोवर्स और रेंजर्स का सहयोग लेकर ऑनलाइन सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिलों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी और समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
टीम वर्क से छत्तीसगढ़ को बनाना है राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी
श्री खालसा ने कहा कि टीम वर्क और गुणवत्तापूर्ण प्रयासों के माध्यम से स्काउटिंग को नई दिशा देनी होगी और देशभर में छत्तीसगढ़ की एक सक्रिय और सशक्त पहचान बनानी होगी। जिला संगठन आयुक्तों की सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए समिति गठन करने की बात भी कही गई।
बैठक का संचालन प्रभारी राज्य सचिव सरिता पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर राज्य कोषाध्यक्ष हेमंत देवांगन, संयुक्त राज्य सचिव बीना यादव, स्टेट कॉर्डिनेटर (मेम्बरशिप ग्रोथ) मोहम्मद सादिक शेख, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त अमित क्षत्रिय तथा राज्य संगठन आयुक्त पूनम साहू एवं जलवती साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में स्काउटिंग को सशक्त, संगठित और व्यापक बनाने की दिशा में ठोस रणनीति तैयार की गई।
