18 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 18 फरवरी 2026। समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बिलासपुर रीजनल शाखा ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत सराहनीय पहल करते हुए दिव्यांग महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया है।
बैंक द्वारा समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित शासकीय आश्रयदत्त कर्मशाला, तिफरा में 100 सेनेटरी पैड और 01 सेनेटरी पैड डिस्पेंसिंग मशीन उपलब्ध कराई गई। वहीं मानसिक रूप से पुनर्वासित महिलाओं के लिए संचालित हाफ वे होम कोनी में 200 सेनेटरी पैड एवं 02 डिस्पेंसिंग मशीनें प्रदान की गईं। इस पहल से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग महिलाओं को स्वच्छता संबंधी आवश्यक सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।
स्वच्छता, गरिमा और आत्मनिर्भरता की दिशा में अहम कदम
इस अवसर पर एसबीआई के एचआर मैनेजर श्री हर्ष तिवारी ने उपस्थित महिलाओं एवं संस्था प्रभारियों को डिस्पेंसिंग मशीन के उपयोग और सेनेटरी पैड के सुरक्षित एवं स्वच्छ इस्तेमाल की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया समाज के वंचित वर्गों, विशेषकर दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है और यह पहल महिला स्वच्छता, गरिमा एवं आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम में संयुक्त संचालक श्री टी.पी. भावे, उपनियंत्रक श्रीमती वीना कमलेश, सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्री प्रशांत मोकासे, आश्रयदत्त कर्मशाला की प्रभारी अधीक्षक सुश्री वीना दीक्षित एवं हाफ वे होम कोनी के व्यवस्थापक श्री प्रमोद शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसबीआई की इस पहल को सामाजिक सरोकार और महिला सम्मान की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।
