18 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
शहर में बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सरकंडा मुक्तिधाम उपकेन्द्र में 3.15 एम.व्ही.ए. क्षमता का अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर स्थापित किया है। लगभग 69 लाख रुपये की लागत से हुए इस कार्य से क्षेत्र के करीब 6 हजार विद्युत उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अतिरिक्त ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से नगर संभाग-दो (नेहरू नगर) अंतर्गत सरकंडा मुक्तिधाम उपकेन्द्र की कुल क्षमता 5 एम.व्ही.ए. से बढ़कर 8.15 एम.व्ही.ए. हो गई है। यह पहल विशेष रूप से आगामी ग्रीष्म ऋतु में बढ़ती बिजली मांग को ध्यान में रखते हुए की गई है, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
नगर संभाग-दो (नेहरू नगर) के कार्यपालन अभियंता श्री बी.बी. नेताम ने बताया कि इस ट्रांसफार्मर के उर्जीकरण से सीपत चौक, वीआईपी कॉलोनी, बुधिया कॉम्पलेक्स, चटर्जी गली, बंगाली पारा, जबड़ापारा, शिव हनुमान मंदिर, जैन मंदिर और महामाया चौक सहित आसपास के क्षेत्रों के लगभग 6 हजार उपभोक्ताओं को स्थिर और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिलेगी।
बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री ए.के. अम्बस्थ ने स्विच ऑन कर नए ट्रांसफार्मर के माध्यम से विद्युत सप्लाई का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग उपभोक्ताओं की सुविधाओं में निरंतर सुधार और आधुनिक विद्युत ढांचा विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस नए ट्रांसफार्मर से क्षेत्र में लो-वोल्टेज और बिजली बाधित होने की समस्याओं में कमी आएगी।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर नगर वृत्त बिलासपुर के अधीक्षण अभियंता श्री पी. श्रीनिवास राजू, कार्यपालन अभियंता श्री मिलिंद पाण्डेय, सहायक अभियंता श्रीमती संचारी सिंह, श्रीमती छाया जीनस, श्री बी.बी. जायसवाल, श्री संतोष देवांगन, कनिष्ठ अभियंता कु. कल्याणी वर्मा, श्री प्रदीप साहू तथा एसटीएम एवं एचटी मेंटेनेंस टीम की सराहना की।
इस नई विद्युत सुविधा से सरकंडा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था मजबूत होगी और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
