18 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की पूज्य माता स्वर्गीय श्रीमती कुसुम सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रीमती कुसुम सिन्हा का 15 फरवरी को निधन हो गया था, जिससे न्यायिक एवं सामाजिक जगत में शोक की लहर व्याप्त है।
मुख्यमंत्री श्री साय बिलासपुर के बोदरी स्थित मुख्य न्यायाधीश निवास पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत श्रीमती कुसुम सिन्हा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और कहा कि माता का स्नेह, संस्कार और त्याग जीवन की सबसे अमूल्य धरोहर होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय श्रीमती कुसुम सिन्हा का सरल, स्नेहमयी और प्रेरणादायी व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके जीवन मूल्यों और संस्कारों ने परिवार और समाज को मजबूत दिशा दी है।
श्रद्धांजलि सभा में केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री एवं सांसद तोखन साहू, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, विधायक सुशांत शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की।

इस अवसर पर उच्च न्यायालय एवं अधीनस्थ न्यायालयों के न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, महाधिवक्ता कार्यालय के अधिकारी, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव, पुलिस महानिदेशक, संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
