January 20, 2026
Untitled-82.webp
Spread the love

जेल के भीतर भी नहीं सुरक्षित गवाह!

25 दिसम्बर 2025

सीजी क्राइम रिपोर्टर….

राजधानी रायपुर:–
राजधानी की सेंट्रल जेल से चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहाँ जेल के भीतर चल रहे गैंगवार ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। बहुचर्चित पं. यश शर्मा हत्याकांड के मुख्य गवाह कुशाल तोलानी पर जेल के अंदर चाकू से जानलेवा हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुशाल तोलानी को एक अन्य प्रतिबंधित धाराओं के मामले में केवल एक दिन के लिए केंद्रीय जेल भेजा गया था। इसी दौरान उस पर हमला किया गया। बताया जा रहा है कि हमला करने वाला कैदी एनडीपीएस एक्ट में सजायाफ्ता है। हमलावर की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन यश शर्मा हत्याकांड के आरोपियों द्वारा साजिश रचकर गवाह को डराने-धमकाने की आशंका जताई जा रही है।


गौरतलब है कि अक्टूबर 2024 में पं. यश शर्मा की अपहरण के बाद बेरहमी से पिटाई की गई थी, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस मामले के सभी आरोपी वर्तमान में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं।


घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कलेक्टर और एसएसपी को लिखित शिकायत सौंपते हुए जेल के भीतर अपराधियों को मिल रही कथित सुविधाओं, सक्रिय गैंगवार और गवाहों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि गंभीर अपराधों में लिप्त कैदी जेल के अंदर भी खुलेआम गैंग चला रहे हैं।


लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि केंद्रीय जेल के भीतर भी अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सवाल यह है कि जब जेल के अंदर ही गवाह सुरक्षित नहीं हैं, तो बाहर कानून-व्यवस्था को लेकर आम जनता कितनी सुरक्षित रह पाएगी।