22 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम मेड़पार-बाजार में खेत जाते समय हुए दर्दनाक ट्रैक्टर हादसे में दो लोगों की मौत के मामले में हिर्री पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 21 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली कि ग्राम मेड़पार-बाजार स्थित मोतीलाल जायसवाल के खेत के पास ट्रैक्टर पलटने से दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही थाना हिर्री पुलिस वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर चालक चन्द्रशेखर पटेल (26 वर्ष), निवासी ग्राम मेड़पार-बाजार, थाना हिर्री की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर का ट्रैक्टर इंजन और ट्रॉली जब्त कर ली।
साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) एवं 105 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक (चकरभाठा) नूपुर उपाध्याय के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर मिश्रा एवं हिर्री पुलिस टीम ने की।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
