28 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायपुर विशेष
बिलासपुर रायपुर 26 जून को सहयोग एक सामाजिक संस्था द्वारा आयोजित 15वाँ छात्र-छात्रा सम्मान समारोह-2026 शुक्रवार को वृंदावन हॉल में अत्यंत भव्य एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस गरिमामय समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के 88 मेधावी छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे संत श्री उदय शादानी जी, जिन्होंने अपने करकमलों से विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अमर चंदनानी, राजू भाई तारवानी, मनोहर चंदनानी एवं शंकरलाल दानवानी ने भी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान प्रदान किया।

सहयोग एक सामाजिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदर देवानी के नेतृत्व में आयोजित यह संस्था का 15वाँ सफल सम्मान समारोह रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में दीया मूलचंदानी, सिमरन चावला, प्राची खेमानी, रीना तलरेजा, महेश खिलनानी, अंकित रोहरा तथा संस्था की महिला विंग सहित सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

समारोह की सबसे विशेष बात यह रही कि विद्यार्थियों को केवल सम्मानित ही नहीं किया गया, बल्कि उन्हें मंच पर अपनी इच्छाओं, सपनों, करियर योजनाओं और जीवन के लक्ष्यों को खुलकर साझा करने का अवसर भी मिला। प्राची खेमानी एवं रीना तलरेजा ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की, जिससे बच्चों का आत्मविश्वास और भी मजबूत हुआ।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदर देवानी ने कहा कि माता-पिता को अपने बच्चों की रुचि और क्षमता को समझते हुए उन्हें अपनी पसंद के अनुसार करियर चुनने की स्वतंत्रता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और विश्वास ही बच्चों को सफलता की ऊँचाइयों तक पहुँचाता है।
वहीं दीया मूलचंदानी ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि जीवन में जो भी कार्य करें, उसे पूरी शिद्दत, मेहनत और ईमानदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि सच्ची लगन और समर्पण से किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता तथा सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपने माता-पिता, समाज और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान चंदर देवानी एवं दीया मूलचंदानी द्वारा विद्यार्थियों को पुरस्कार भी वितरित किए गए। वृंदावन हॉल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, मित्रों एवं समाज के गणमान्य लोगों की उपस्थिति से खचाखच भरा रहा।
उपस्थित अतिथियों ने सहयोग एक सामाजिक संस्था के इस प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि संस्था लगातार समाजहित में उत्कृष्ट कार्य कर रही है। पिछले 15 आयोजनों के माध्यम से संस्था ने शिक्षा, प्रतिभा सम्मान और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सकारात्मक एवं प्रेरणादायक योगदान देकर समाज में एक नई मिसाल कायम की है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
