28 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। रतनपुर पुलिस और साइबर सेल बिलासपुर की संयुक्त टीम ने बकरा-बकरी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पशुओं की बिक्री से प्राप्त 1.50 लाख रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 को ग्राम चकराभाठा निवासी समन सिंह पैकरा ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने रात के समय उनके बकरी कोठा की ईंट की दीवार तोड़कर 4 बकरे और 15 बकरियां, कुल 19 पशुओं की चोरी कर ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रतनपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे स्कॉर्पियो वाहन से गांव-गांव घूमकर खेत समतलीकरण का काम मांगने के बहाने इलाके की रेकी करते थे। जहां बकरा-बकरी आसानी से चोरी किए जा सकते थे, वहां मौका देखकर वारदात को अंजाम देते थे।
आरोपियों ने चोरी किए गए 19 बकरा-बकरियों को 1 लाख 75 हजार रुपये में बेचने तथा उसमें से 25 हजार रुपये खर्च कर देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शेष 1 लाख 50 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, सैय्यद अकबर अली, आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर, पवन ठाकुर, हरनारायण नेटी तथा साइबर सेल बिलासपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
