26 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना सरकंडा
बिलासपुर:शहर की सरकंडा पुलिस ने ईमानदारी और सतर्कता का उदाहरण पेश करते हुए करीब 3 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी व कपड़ों से भरा बैग उसके असली मालिक को सुरक्षित लौटा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड के पलामू जिले के हैदर नगर निवासी शेख आलमगीर (27) 21 अप्रैल की रात अपने ससुराल बिलासपुर आए थे। देर रात लगभग 1:30 बजे बस से उतरने के बाद वे शिवघाट के पास अपना बैग भूलवश छोड़कर चले गए। बैग में सोने-चांदी के आभूषण और कपड़े रखे हुए थे, जिसकी कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई।
रात्रि गश्त के दौरान सरकंडा पुलिस को बैग मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बैग को सुरक्षित थाना लाकर रखा और उसके मालिक की तलाश शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और तस्दीक के बाद बैग के मालिक की पहचान शेख आलमगीर के रूप में की गई।
इसके बाद पुलिस ने उन्हें थाना बुलाकर बैग में लगे ताले को खुलवाया, जिसमें रखे सामान की पुष्टि हुई। अपना कीमती सामान सुरक्षित पाकर शेख आलमगीर ने बिलासपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि पुलिस की सजगता और ईमानदारी से आम नागरिकों का भरोसा और मजबूत होता है।
