26 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल सामने आई है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने एनटीपीसी सीपत द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत लगभग 7.19 करोड़ रुपये की लागत से विकसित स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण किया।
इस पहल के अंतर्गत बिलासपुर के प्रमुख चिकित्सा संस्थान—सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बिलासपुर और सिम्स बिलासपुर—को अत्याधुनिक उपकरण और सुदृढ़ अधोसंरचना प्रदान की गई है।

कार्यक्रम के दौरान लगभग 4.27 करोड़ रुपये की लागत से सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में अत्याधुनिक ब्लड बैंक, माइक्रोबायोलॉजी लैब, हार्मोन टेस्टिंग लैब और एआई आधारित माइक्रोस्कोपी का शुभारंभ किया गया। यह ब्लड बैंक छत्तीसगढ़ का अपनी तरह का पहला हाईटेक केंद्र माना जा रहा है, जहां विश्वस्तरीय मशीनों के जरिए जांच और उपचार सेवाएं अधिक सटीक और तेज़ होंगी।
वहीं, सिम्स बिलासपुर को करीब 2.92 करोड़ रुपये की लागत से 26 आधुनिक मशीनों की सौगात मिली है। इन मशीनों में कलर डॉप्लर, केमिल्यूमिनेसेंस सिस्टम, एचपीएलसी, सी-आर्म, ऑपरेशन टेबल, डेंटल चेयर, शवगृह फ्रीजर और लेजर सिस्टम जैसी उन्नत तकनीक शामिल हैं।

इससे अस्पताल के 8 विभागों में उपचार क्षमता बढ़ेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में इस तरह का निवेश प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक ब्लड बैंक और आधुनिक प्रयोगशालाओं से मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. भानु प्रताप सिंह ने बताया कि यह ब्लड बैंक पूरी तरह कंप्यूटरीकृत और ऑनलाइन प्रणाली से संचालित होगा। यहां सिंगल डोनर प्लेटलेट (SDP) की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे डेंगू और कैंसर जैसे गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।
सिम्स के डीन श्री रमणेश मूर्ति ने कहा कि एनटीपीसी सीपत के सहयोग से अब जटिल बीमारियों का इलाज स्थानीय स्तर पर संभव हो सकेगा, जिससे मरीजों को बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में एनटीपीसी और सिम्स के बीच मशीनों के हस्तांतरण से संबंधित दस्तावेजों का आदान-प्रदान भी किया गया।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने एनटीपीसी सीपत के इस प्रयास को सामुदायिक विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
उल्लेखनीय है कि यह पहल बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
