25 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/चकरभाठा
बिलासपुर, 25 अप्रैल 2026। चकरभाठा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और एक्टिवा स्कूटी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर चकरभाठा थाना क्षेत्र के नयापारा चौक में दबिश दी गई।
रेड के दौरान दिनेश पंजवानी (33 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 08 चकरभाठा को उसकी एक्टिवा (MH 36 T 6207) पर बैठकर मोबाइल के जरिए आईपीएल क्रिकेट मैच में ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया। आरोपी रेडमी कंपनी के मोबाइल में “क्रोमा गेट आईडी ऐप” के माध्यम से सट्टा संचालन कर रहा था।
जांच में सामने आया कि आरोपी सट्टे की रकम ऑनलाइन माध्यम से अज्जू भकतानी और उसके एक अन्य साथी तक पहुंचाता था। आरोपी दिनेश पंजवानी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अज्जू भकतानी से 20 हजार रुपये लेकर सट्टा संचालन किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी संगठित रूप से आईपीएल के RCB और GT के बीच खेले जा रहे मैच पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। मौके से आरोपी के मोबाइल का स्क्रीनशॉट लेकर साक्ष्य सुरक्षित किया गया और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा को जब्त किया गया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी दिनेश पंजवानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, अज्जू भकतानी और उसका एक साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
आरोपियों के खिलाफ धारा 7(1) छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट एवं 112 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
