25 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बिलासपुर पुलिस ने अब तक का सबसे सख्त अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) के निर्देश पर पूरे जिले में आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सघन चेकिंग और रेड अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत पुलिस ने जिलेभर में 250 आदतन अपराधियों को चिन्हित किया है, जो पहले से ही अवैध हथियार, मारपीट और गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे हैं। इन सभी अपराधियों की लगातार निगरानी की जा रही है और उनके ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस द्वारा पिछले एक वर्ष के अपराध रिकॉर्ड का गहन विश्लेषण कर ऐसे अपराधियों की सूची तैयार की गई है, जो खनिज माफिया, ड्रग माफिया, भू-माफिया और शराब तस्करी गिरोह से जुड़े रहे हैं। अब इनकी गतिविधियों की दोबारा जांच कर उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
80 लोगों पर कड़ी कार्रवाई:जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए 80 व्यक्तियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और BNSS के तहत सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस का साफ कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए।
पुलिस की दो टूक चेतावनी:बिलासपुर पुलिस ने सभी चिन्हित अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर वे भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए गए, तो उनके खिलाफ केवल सामान्य कार्रवाई नहीं बल्कि संगठित अपराध के तहत उनकी अवैध संपत्ति भी जब्त की जाएगी।
बिलासपुर पुलिस का यह अभियान साफ संकेत देता है कि अब अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। पुलिस न केवल अपराध रोकने बल्कि अपराधियों के पूरे नेटवर्क को खत्म करने के मिशन पर काम कर रही है।
