25 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:बेलतरा क्षेत्र में छात्र हित और खेल संस्कृति की रक्षा को लेकर उठी आवाज अब निर्णायक नतीजे तक पहुंच गई है। कांग्रेस नेता अंकित गौरहा के सतत प्रयासों के बाद शासकीय ई. राघवेंद्र राव स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय के खेल मैदान में प्रस्तावित फन फेयर अम्यूजमेंट पार्क मेले की अनुमति प्रशासन ने निरस्त कर दी है।
दरअसल, लंबे समय से कॉलेज के खेल मैदान का उपयोग व्यावसायिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए किया जा रहा था। इससे छात्रों और खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण में बाधाओं का सामना करना पड़ रहा था। इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए अंकित गौरहा ने कलेक्टर को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की थी और स्पष्ट किया था कि मैदान का उपयोग केवल खेल और छात्र विकास के लिए होना चाहिए।
गौरहा की पहल के बाद महाविद्यालय प्रशासन भी सक्रिय हुआ। प्राचार्य ने कलेक्टर को पत्र भेजकर मार्गदर्शन मांगा और मैदान को किराए पर देने की प्रक्रिया पर पुनर्विचार की आवश्यकता जताई। उन्होंने यह भी बताया कि व्यावसायिक आयोजनों से शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।
इसी बीच 30 अप्रैल 2026 से 8 जून 2026 तक साइंस कॉलेज मैदान में फन फेयर मेला आयोजित करने का प्रस्ताव सामने आया था, जिसमें झूले, मनोरंजन गतिविधियां और व्यावसायिक स्टॉल लगाए जाने थे। लेकिन प्रशासन ने छात्र हित को प्राथमिकता देते हुए इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया। अनुभागीय अधिकारी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया कि मैदान का उपयोग केवल शैक्षणिक और खेल गतिविधियों तक सीमित रहेगा।
इस पूरे घटनाक्रम ने यह साबित किया है कि अंकित गौरहा केवल मुद्दे उठाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्हें परिणाम तक पहुंचाने की क्षमता भी रखते हैं।
अंकित गौरहा ने कहा कि खेल मैदान युवाओं के भविष्य निर्माण का केंद्र होता है, इसे व्यावसायिक गतिविधियों के लिए देना छात्रों के साथ अन्याय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे भी छात्रों के अधिकार और सुविधाओं के लिए उनका प्रयास जारी रहेगा।
इस निर्णय के बाद छात्रों और खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। अब उन्हें बिना किसी व्यवधान के अभ्यास और प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा, जिससे जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने का मार्ग प्रशस्त होगा।
