बिलासपुर, 23 अप्रैल 2026। तखतपुर थाना क्षेत्र में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन और ₹1,85,000 नगद राशि सहित सट्टा पर्चियां जब्त की गई हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में तखतपुर पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी।

22 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि तखतपुर के नया बस स्टैंड वेलकम गेट के पास कुछ लोग सट्टा खेला रहे हैं। सूचना पर थाना तखतपुर की टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां अभिषेक सिंह ठाकुर (35 वर्ष) निवासी शंकर वार्ड मल्हापारा, मुंगेली और अस्मित गुप्ता पिता हेम कुमार गुप्ता उम्र 22 साल निवासी शंकर वार्ड मल्हापारा मुंगेली को सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से मोबाइल, ₹1.85 लाख नगद और सट्टा नंबर लिखी पर्चियां बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी अस्मित गुप्ता (22 वर्ष) निवासी शंकर वार्ड मल्हापारा, मुंगेली के साथ मिलकर सट्टा संचालन करना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 एवं बीएनएस की धारा 112 के तहत मामला दर्ज कर संगठित अपराध की धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी तखतपुर निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय, एसआई रमेश कुमार ओरके सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
