23 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सरकंडा
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर मुरूम खदान के पास 22-23 अप्रैल की दरमियानी रात आगजनी की एक गंभीर घटना सामने आई, जिसमें वार्ड क्रमांक 57 स्थित मीरा गुप्ता की दुकान (गोदाम) को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया। इस हादसे में एक गरीब परिवार की सालों की मेहनत कुछ ही घंटों में राख में तब्दील हो गई।
पत्रकारों की सतर्कता से टली अनहोनी:रात के समय इलाके में गश्त कर रहे पत्रकारों की टीम ने अचानक उठती आग की लपटों को देखा। जोगी जगत न्यूज़ नेटवर्क के शेख अब्दुल कलीम और आर हिंदुस्तान टीवी के राकेश सिंह ठाकुर, राकेश पांडेय व रामकुमार ने बिना देर किए सरकंडा थाना पुलिस को सूचना दी। उनकी इस तत्परता ने एक संभावित बड़े हादसे को टालने में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा,,,सूचना मिलते ही बीट ड्यूटी पर तैनात आरक्षक गेंदराम सोनवानी और संदीप कश्यप मौके पर पहुंचे। आग के बीच कुछ लोग सामान निकालने के लिए अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे, जिससे बड़ा खतरा हो सकता था। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा।
फायर ब्रिगेड की कड़ी मशक्कत,,,करीब 2:30 बजे सूचना मिलने के बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची और लगभग एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
रोजी-रोटी का सहारा हुआ खत्म–पीड़ित परिवार के लिए यह दुकान ही जीवन का मुख्य आधार थी। इसी से घर का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरतें पूरी होती थीं। आगजनी के बाद परिवार पूरी तरह से असहाय स्थिति में पहुंच गया है।
स्
थानीयों में आक्रोश, सुरक्षा पर सवाल–घटना के बाद क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इलाके में बढ़ रही आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं और छोटे व्यवसायी भी अब सुरक्षित नहीं हैं।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग–स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा व सहायता प्रदान की जाए।
इस घटना ने एक ओर जहां सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं पत्रकारों की सजगता और पुलिस की तत्परता ने यह साबित कर दिया कि समय पर उठाया गया कदम कई जिंदगियों को बचा सकता है।
