23 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिला कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने गुरुवार को जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेकर लंबित सीमांकन एवं बटांकन प्रकरणों की स्थिति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में बिलासपुर अनुविभाग एवं बेलतरा तहसील के अधिकारियों की मौजूदगी में प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया गया।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री शिव कुमार बनर्जी, संयुक्त कलेक्टर श्री अभिषेक दीवान, एसडीएम बिलासपुर श्री मनीष साहू सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी लंबित बटांकन एवं सीमांकन प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि अभी भी कई प्रकरण ऑफलाइन लंबित हैं, जिन्हें तत्काल ऑनलाइन दर्ज कर नियमानुसार कार्यवाही पूरी की जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि केवल बिलासपुर अनुविभाग में करीब 2 हजार सीमांकन के मामले लंबित हैं, जो औसत से अधिक हैं।
कलेक्टर ने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित मामलों के तेजी से निराकरण के लिए अतिरिक्त टीमों का गठन कर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि राजस्व सेवाओं का समयबद्ध और पारदर्शी क्रियान्वयन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सभी अधिकारी जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए आम जनता को त्वरित राहत प्रदान करें। साथ ही, प्रकरणवार स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर उसकी लगातार समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
