23 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सीपत
बिलासपुर:जिला बिलासपुर के थाना सीपत पुलिस ने ग्राम हिण्डाडीह में हुई लाखों की चोरी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई लगभग 5 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति भी पूरी तरह बरामद कर ली है।
मामले के अनुसार, प्रार्थिया श्यामकली मरावी (38 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 अप्रैल को वह अपने घर में ताला लगाकर गांव में आयोजित शादी समारोह में गई थी।
रात करीब 7:30 बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर व नगदी रकम गायब थे। चोरी गए सामान में सोने का मंगलसूत्र, हार, लॉकेट, झुमके, चांदी के पायल, करधन, बिछिया सहित करीब 14 हजार रुपये नगद शामिल थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीपत पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर रामेश्वर यादव (19 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी रोहित दास मानिकपुरी उर्फ राहुल (27 वर्ष) के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने घर के सूना होने का फायदा उठाकर योजना बनाकर चोरी की और सामान को जमीन में छिपा दिया था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया।
सीपत पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
