22 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 22 अप्रैल 2026। रिटायर्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स फोरम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवा का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। स्व. सुरेन्द्र सिंह डुटेजा की स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम में गुरुसिंह सभा सेंट्रल गुरुद्वारा कमेटी, गोंडपारा बिलासपुर को शव वाहन एवं डीप फ्रीजर प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में कमिश्नर सुनील जैन एवं कलेक्टर संजय अग्रवाल द्वारा उक्त सामग्री समिति को सौंपी गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने फोरम की सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
जिला समिति के अध्यक्ष इंजीनियर बी.एन. ओझा ने जानकारी दी कि फोरम द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर, साइबर अवेयरनेस कार्यक्रम सहित विभिन्न जनहित कार्य किए जाते रहे हैं। इन गतिविधियों में एलाइड हॉस्पिटल, मेट्रो हॉस्पिटल, आयुर्वेद चिकित्सालय एवं जिला पुलिस प्रशासन का भी सहयोग मिलता रहा है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वे लंबे समय से फोरम की गतिविधियों को देख रहे हैं और इससे जुड़ाव महसूस करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि फोरम भविष्य में भी समाजसेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। वहीं कमिश्नर सुनील जैन ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद समाजसेवा करना ही वास्तविक सेवा है और फोरम इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में गुरुसिंह सभा सेंट्रल गुरुद्वारा कमेटी के डॉ. नवनीत सिंह ने शव वाहन एवं डीप फ्रीजर के संचालन की जिम्मेदारी लेते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान इंजीनियर वरुण राजपूत, इंजीनियर शंकर राव सोनवणे, इंजीनियर जितेंद्र कुमार नेताम सहित बड़ी संख्या में रिटायर्ड इंजीनियर्स एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा विभिन्न इंजीनियर्स को सम्मानित भी किया गया।
