22 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए व्यापम द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं के समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब सभी परीक्षाएं सुबह 10 बजे से प्रारंभ होंगी, जबकि पूर्व में ये परीक्षाएं प्रायः दोपहर 12 बजे से आयोजित की जाती थीं।
व्यापम द्वारा यह निर्णय अभ्यर्थियों को राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि तेज धूप और लू के बीच परीक्षा देने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस बदलाव के तहत 26 अप्रैल को मंडी बोर्ड की उप निरीक्षक परीक्षा निर्धारित परीक्षा केंद्रों में सुबह 10 बजे से आयोजित होगी।
इसके अलावा 14 मई को एसएससी नर्सिंग एवं पीईटी प्रवेश परीक्षा तथा 21 मई को पीपीएचटी परीक्षा भी नए समय अनुसार सुबह 10 बजे से आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने टीएल बैठक में इन परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों में शीतल पेयजल, पंखे और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अभ्यर्थियों को भीषण गर्मी में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे बदले हुए समय का विशेष ध्यान रखें और परीक्षा केंद्रों में समय से पहले पहुंचें। प्रशासन द्वारा सभी केंद्रों में समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
