19 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शहर के प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बक्सर राजपूत क्षत्रिय समाज के भीतर चल रहे विवाद खुलकर सामने आए। समाज के सदस्य संतोष सिंह क्षत्रिय ने पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संगठन में नियमों की अनदेखी कर मनमाने निर्णय लिए जा रहे हैं और कुछ सदस्यों के साथ लगातार भेदभाव हो रहा है।
उन्होंने बताया कि उन्हें आज तक ग्राम या क्षेत्रीय स्तर पर कोई आधिकारिक सूचना या प्रमाणिक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया, जबकि सामाजिक गतिविधियों में उनकी सहभागिता अपेक्षित रहती है। संतोष सिंह का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से उनके साथ उपेक्षापूर्ण व्यवहार किया जा रहा है और धार्मिक व सामाजिक आयोजनों में भी उन्हें नजरअंदाज किया जाता है।
इसके साथ ही समाज में सदस्यता शुल्क को ₹10 से बढ़ाकर ₹50 किए जाने पर भी सवाल उठाए गए। उनका आरोप है कि शुल्क बढ़ने के बावजूद पारदर्शिता और व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने न्यायमंडल और पदाधिकारियों पर व्यक्तिगत संबंधों के आधार पर निर्णय लेने और पक्षपात करने का भी आरोप लगाया।
मामले को लेकर थाना, कलेक्टर और एसपी को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी बढ़ती जा रही है।
संतोष सिंह ने मांग की है कि एक माह के भीतर ग्राम स्तर पर सुनवाई कर निष्पक्ष निर्णय लिया जाए, अन्यथा वे इस मामले को उच्च स्तर और न्यायालय तक ले जाएंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रामनिहोरा सिंह राजपूत, गुलाब सिंह राजपूत, बागेश्वर सिंह राजपूत सहित समाज के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
