18 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 18 अप्रैल 2026। जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए माफियाओं के नेटवर्क पर करारा वार किया है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के सख्त निर्देशों के तहत तखतपुर क्षेत्र में तड़के हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
एसडीएम तखतपुर के नेतृत्व में राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम निरतु के रेत घाट पर दबिश दी। टीम के पहुंचते ही अवैध खनन में लगे लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन मौके पर ही एक जेसीबी और एक हाइवा वाहन को अवैध उत्खनन करते रंगे हाथ पकड़ लिया गया। दोनों वाहनों को तत्काल जब्त कर थाना कोनी के सुपुर्द किया गया।
कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। टीम ने गांव में अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से डंप की गई रेत पर भी बड़ा प्रहार करते हुए लगभग 70 ट्रैक्टर रेत जब्त की। यह कार्रवाई अवैध खनन के संगठित नेटवर्क को सीधी चुनौती मानी जा रही है।
प्रशासन की इस कड़ी कार्रवाई के बाद रेत माफियाओं में जबरदस्त दहशत का माहौल है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा। इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधान संपादक
सीजी क्राइम रिपोर्टर
