18 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 18 अप्रैल। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। कलेक्टर बिलासपुर के निर्देश और उप संचालक के मार्गदर्शन में खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार निगरानी कर रही है।
खनिज अमले द्वारा सकरी, गनियारी, तुरकाडीह, कोनी, मस्तूरी, पचपेड़ी, जोंधरा, गोपालपुर, कुकुरदिकला, भिलोनी और मानिकचौरी क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान विभिन्न स्थानों से अवैध रूप से खनिज परिवहन करते कुल 5 वाहनों को जब्त किया गया।
कार्रवाई के तहत सकरी क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक हाइवा वाहन पकड़ा गया। वहीं पचपेड़ी क्षेत्र में ईंट-मिट्टी और गोपालपुर, जोंधरा तथा मानिकचौरी क्षेत्रों में रेत का अवैध परिवहन करते 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गईं।
जप्त सभी वाहनों को फिलहाल थाना सकरी और पचपेड़ी की अभिरक्षा में रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिजों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
