16 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तोरवा
बिलासपुर:फरार आरोपी की तलाश में गई पुलिस टीम के साथ अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। तोरवा थाना पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को थाना मस्तूरी के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी नागेंद्र राय की तलाश में पुलिस टीम लालखदान स्थित उसके निवास पर दबिश देने पहुंची थी। इस दौरान पुलिस ने घर के परिजनों से दरवाजा खोलकर तलाशी में सहयोग करने को कहा, लेकिन उन्होंने पहले इंकार किया।

काफी देर बाद दरवाजा खोलने पर तलाशी के दौरान आरोपी के परिजन आक्रोशित हो गए। इसी बीच सुब्रत राय और उद्याचल राय ने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए झूमाझपटी की और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में:
उद्याचल राय (33 वर्ष) निवासी राजवंश भवन, लालखदान
सुब्रत राय (27 वर्ष) निवासी राजवंश भवन, लालखदान
शामिल हैं।
आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 132, 221 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। दोनों को 15 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और फरार आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
