17 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/कोटा
बिलासपुर। कोटा थाना पुलिस ने शासकीय राशि के गबन के एक बड़े मामले में फरार चल रहे शिक्षा विभाग के कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने करीब 29.62 लाख रुपये की शासकीय राशि का गबन कर शासन को भारी नुकसान पहुंचाया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नरेंद्र प्रसाद मिश्रा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया था, जिसमें बताया गया कि विकासखंड कोटा में पदस्थ लेखपाल/सहायक ग्रेड-02 नवल सिंह पैकरा एवं कर्मचारी देवेंद्र कुमार पालके ने मिलकर शासकीय राशि में हेराफेरी की। आरोपियों ने सितंबर 2024 से नवंबर 2025 के बीच वेतन संबंधी अभिलेखों में कूट रचना कर कुल 29,62,222 रुपये का अवैध आहरण किया।
मामले में थाना कोटा में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान दोनों आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। साथ ही साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी देवेंद्र कुमार पालके (38 वर्ष) निवासी धरमपुरा, करगी रोड कोटा क्षेत्र में मौजूद है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले का एक अन्य आरोपी नवल सिंह पैकरा अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेश चौहान, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू सहित पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।
