16 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में अपराधों की रोकथाम और पुलिस की जमीनी स्तर पर उपस्थिति मजबूत करने के लिए बिलासपुर पुलिस ने ‘बीट सिस्टम’ को और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में 16 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ग्रामीण अनुविभाग के राजपत्रित अधिकारी, थाना व चौकी प्रभारी, बीट प्रभारी और बीट कर्मचारी सहित 60 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान बीट सिस्टम के उद्देश्य, महत्व और कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीट क्षेत्र में होने वाली हर गतिविधि—चाहे वह आपराधिक, सामाजिक, राजनीतिक या अन्य हो—पर सतत निगरानी रखें। साथ ही क्षेत्र के निवासियों और नवआगंतुकों पर भी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि:
बीट क्षेत्र में नियमित रूप से जनसंवाद और बैठकें आयोजित करें

साइबर फ्रॉड, नशा और अन्य अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करें
संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखते हुए त्वरित कार्रवाई करें
बीट रजिस्टर में क्षेत्र की पूरी जानकारी अद्यतन रखें
बैठक में संजय अग्रवाल (कलेक्टर, बिलासपुर) भी मौजूद रहे। उन्होंने बीट प्रणाली के महत्व पर जोर देते हुए अधिकारियों से अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करने की अपील की।
इसके अलावा, बीट कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई है।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि बीट सिस्टम को मजबूत करने से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ आम जनता में सुरक्षा का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
