15 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने अपने कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ करते हुए इंदिरा विहार स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक दंत-रोग विभाग की शुरुआत की है। इस नए विभाग का उद्घाटन एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) हरीश दुहन द्वारा किया गया।

उद्घाटन अवसर पर CMD हरीश दुहन ने कहा कि कंपनी अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि कर्मियों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।

नव स्थापित दंत-रोग विभाग के शुरू होने से अब अधिकारियों, कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके आश्रितों को दंत चिकित्सा की उन्नत सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। यहां डेंटल एक्सट्रैक्शन, दांतों की मरम्मत (रेस्टोरेशन), ओरल प्रोफाइलेक्सिस, रूट कैनाल ट्रीटमेंट (RCT), फ्लैप सर्जरी सहित जटिल दंत उपचार की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

कार्यक्रम में चिकित्सा सेवाएं प्रमुख डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा, इंदिरा विहार स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरिहंत जैन, दंत चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. शरद सहित अन्य चिकित्सक एवं स्टाफ मौजूद रहे।
यह पहल एसईसीएल की अपने कर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिससे उन्हें आधुनिक और समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
