15 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर/मल्हार। मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार चौकी पुलिस ने किराना दुकानदारों को ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर रकम हड़पने वाले आरोपी को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दुकानदारों से मोबाइल फोन लेकर उनके नाम पर लोन स्वीकृत कराता था और रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर लेता था।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी शिवकुमार राय निवासी ग्राम चकरबेड़ा मल्हार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके परिचित गोपी कश्यप (उर्फ गोपी किशन), निवासी ग्राम धुर्वाकारी थाना पचपेड़ी, ने उसे लोन दिलाने का झांसा दिया।

आरोपी ने उसके मोबाइल से ऑनलाइन लोन स्वीकृत कराकर खाते में आई ₹80,000 की राशि बिना जानकारी के अपने खाते में ट्रांसफर कर ली। बाद में आरोपी ने बहाना बनाया कि लोन कंपनी से पैसा आने पर रकम वापस कर देगा।
शंका होने पर प्रार्थी ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र पहुंचकर जानकारी ली, जहां पता चला कि लोन की पूरी राशि आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में अपने खाते में ट्रांसफर कर ली है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अन्य ग्रामीण दुकानदारों को पेटीएम बॉक्स सुधारने और लोन दिलाने के नाम पर इसी तरह ठगी करता था।
मामले की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक रजनीश सिंह को दी गई, जिनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी मस्तूरी एल.सी. मोहल्ले के मार्गदर्शन में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव धुर्वाकारी से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी के कब्जे से उसका मोबाइल फोन जब्त किया गया है और आगे की विधिवत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, आरक्षक रमेश साहू, किशन राय, अभिजीत एवं सुखदेव पाल की विशेष भूमिका रही।
