16 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सक्ति
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित Vedanta Limited के पावर प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण बॉयलर विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। हादसे में अब तक 12 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक श्रमिक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत नाजुक होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना तेज था कि प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। चारों ओर धुआं, आग और चीख-पुकार का भयावह दृश्य देखने को मिला। मजदूर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

इस हादसे पर नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
फिलहाल पूरे प्लांट क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक तौर पर बॉयलर फटना हादसे की वजह माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
यह दर्दनाक घटना एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
अपडेट जारी रहेगा…
