13 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को जिले की सभी 486 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आदेश जारी करते हुए सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के अनुसार ग्राम सभाओं में पूर्व में पारित प्रस्तावों के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। साथ ही पंचायतों के आय-व्यय का अनुमोदन, विकास कार्यों की प्रगति और स्वीकृत व खर्च राशि का वाचन किया जाएगा। कर निर्धारण, वसूली व्यवस्था और ऑनलाइन प्रणाली के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर रहेगा।
ग्राम सभाओं में पंचायतों के लंबित लेखा-जोखा की जानकारी प्रस्तुत की जाएगी, वहीं सड़कों पर आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर भी चर्चा होगी। अवैध नामांतरण और बंटवारे के मामलों पर विचार-विमर्श किया जाएगा तथा पंचायतों के प्रदर्शन मूल्यांकन (PIS) के अंकों को सार्वजनिक कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अलावा स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा भी एजेंडे में शामिल है। खाद्यान्न वितरण, जन्म-मृत्यु व विवाह पंजीयन, ग्राम संपत्तियों का रिकॉर्ड, तालाब और बाजार प्रबंधन, पट्टों की समीक्षा जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।
अनुसूचित क्षेत्रों में पेसा नियम 2022 के प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी, वहीं टीबी मुक्त भारत अभियान पर भी विशेष जोर रहेगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि ग्राम सभाएं समय पर, सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से आयोजित हों तथा अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे विकास से जुड़े निर्णयों में जनसहभागिता को बढ़ावा मिल सके।
