13 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 12 अप्रैल 2026। बिलासपुर प्रेस क्लब के नवनिर्मित एवं सुसज्जित भवन का लोकार्पण प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा लगभग 31 लाख रुपये की लागत से पुराने भवन का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कर उसे आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि बेहतर संसाधनों के साथ अब पत्रकार और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य कर सकेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक सुशांत शुक्ला ने की। अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर प्रेस क्लब के गौरवपूर्ण इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समय की आवश्यकता के अनुसार प्रेस क्लब की हर जरूरत को पूरा किया जाएगा।

श्री साव ने शहर में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि बीते दो वर्षों में सड़क, पुल-पुलिया सहित आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। इस दौरान उन्होंने अपनी प्रेरणादायक पंक्तियां—
“कोशिश कर, हल निकलेगा, आज नहीं तो कल निकलेगा”—सुनाकर उपस्थित पत्रकारों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह में उन्होंने प्रेस क्लब के सदस्यों के पहचान पत्र वितरण कार्य का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संगीत योगदान को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि सामाजिक असमानताओं को दूर करने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में प्रेस क्लब की भूमिका सराहनीय रही है। पत्रकारों द्वारा उठाए गए मुद्दों से शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को दिशा मिलती है।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सचिव संदीप करिहार ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, कोषाध्यक्ष किशोर सिंह, सह सचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण, पूर्व अध्यक्ष एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
