13 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 10 अप्रैल 2026। बिलासा कला मंच द्वारा पिछले 20 वर्षों से संचालित ‘अरपा बचाओ अभियान’ के तहत दो दिवसीय यात्रा 11 अप्रैल से प्रारंभ हो रही है। यह अभियान अरपा नदी और उसकी लगभग 40 सहायक नदियों के संरक्षण और अस्तित्व को बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
यात्रा 11 अप्रैल को सुबह 8 बजे राघवेंद्र राव सभा भवन से रवाना होगी। यात्रा दल मंगला, घुटकू होते हुए अरपा भैंसाझार जलाशय और चांपी जलाशय के रास्ते अरपा के उद्गम स्थल अमरपुर पेंड्रा तक पहुंचेगा।
अभियान के दूसरे दिन 12 अप्रैल को पेंड्रा से खोडरी, खोंगसरा, कोनचरा होते हुए बेलगहना और फिर रतनपुर पहुंचेगा। यहां नगर के प्रबुद्धजनों के साथ तालाब संरक्षण पर चर्चा और सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद सेंदरी और कोनी होते हुए शाम को बिलासपुर में यात्रा का समापन होगा।
इस यात्रा का उद्देश्य समाज को नदियों और जल स्रोतों के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराना है। अभियान के माध्यम से जल संरक्षण की समस्याओं को समझते हुए जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान में यात्रा संयोजक डॉ. सोमनाथ यादव के साथ डॉ. सुधाकर बिबे, राजेंद्र मौर्य, देवानंद दुबे, रामेश्वर गुप्ता, एम.डी. मानिकपुरी, अश्विनी पांडेय और अनूप श्रीवास सक्रिय रूप से शामिल रहेंगे।
