12 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सिटी कोतवाली
बिलासपुर में नकली सोने को असली बताकर ज्वेलरी दुकान में धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकली सोने के आभूषण जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जलेश कुमार आहिरे (26 वर्ष), निवासी यदुनंदन नगर तिफरा, जो सदर बाजार स्थित लीला ज्वेलर्स में मैनेजर हैं, ने 11 अप्रैल 2026 को थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल की शाम एक महिला दुकान में आई और खुद को पूनम वर्मा बताते हुए अपने पास रखे टाप्स और अंगूठी को 18 कैरेट सोना बताकर बदलने की बात कही।

संदेह होने पर जब ज्वेलरी को मशीन से जांचा गया तो दोनों ही वस्तुएं नकली पाई गईं। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिस पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 234/26 धारा 318(4), 62, 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध महिला अपने पति और बच्चे के साथ सदर बाजार में घूमते हुए मिली, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने पास से नकली सोने के 18 कैरेट हॉलमार्क लगे 1 जोड़ी टाप्स (वजन 4.230 ग्राम) और 1 अंगूठी (वजन 3.100 ग्राम) प्रस्तुत किए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में
🔹 संजय वर्मा (40 वर्ष)
🔹 पूनम वर्मा (30 वर्ष)
दोनों निवासी ग्राम भूलनपुर, थाना मडवाहीह, जिला वाराणसी (उ.प्र.) शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
