12 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना सरकंडा
बिलासपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसीसीयू और थाना सरकंडा पुलिस की संयुक्त टीम ने गांजा बेचने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो आपस में सगी बहनें हैं और अलग-अलग नामों से इलाके में नशे का कारोबार संचालित कर रही थीं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पाटलीपुत्र नगर और राजकिशोर नगर क्षेत्र में दो महिलाएं गांजा बिक्री कर रही हैं। सूचना के आधार पर टीम ने रेड कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को कार और स्कूटी में गांजा बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 06 किलो गांजा, ₹5,98,030 नगद, 02 मोबाइल, 02 घड़ियां, 02 स्कूटी और 01 कार सहित कुल ₹15,78,030 का मशरूका जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी (30 वर्ष)
सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव (40 वर्ष)
के रूप में हुई है, जो मूलतः जयराम नगर मस्तूरी की निवासी हैं और वर्तमान में सरकंडा के पाटलीपुत्र नगर में रह रही थीं।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी बहनों ने गांजा बिक्री से अर्जित रकम से स्कूटी खरीदी थी, जिसका उपयोग परिवहन और सप्लाई के लिए किया जा रहा था। वहीं जब्त कार उनके एक परिचित की बताई जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों के खिलाफ पहले से मादक पदार्थ से जुड़े आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
