12 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की मेजबानी में आयोजित कोल इंडिया एचआर/आईआर कॉन्क्लेव ‘उत्कर्ष 2026’ का शुभारंभ शुक्रवार को वसंत विहार स्थित वसंत क्लब में गरिमामय माहौल में हुआ। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय कॉन्क्लेव में कोल इंडिया और उसकी अनुषंगी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी मानव संसाधन (HR) और औद्योगिक संबंध (IR) से जुड़े अहम विषयों पर गहन मंथन करेंगे।
उद्घाटन अवसर पर कोल इंडिया के चेयरमैन बी. साईराम ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि कोयला देश की ऊर्जा का आधार है और कर्मचारियों की भूमिका संगठन की सफलता में सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि कोल इंडिया इस वर्ष ‘Reform, Perform, Transform’ थीम के साथ आगे बढ़ रहा है, जिसमें कर्मियों की भागीदारी निर्णायक होगी।

एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने स्वागत भाषण में कहा कि इस प्रतिष्ठित कॉन्क्लेव की मेजबानी करना एसईसीएल के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कर्मचारियों को संगठन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए उनके सतत विकास और कल्याण पर जोर दिया।
विशेष संबोधन में कोल इंडिया के मुख्य सतर्कता अधिकारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने संगठनात्मक पहचान और ईमानदारी के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि कोल इंडिया केवल एक संस्था नहीं, बल्कि एक मजबूत पहचान है।

कॉन्क्लेव के कीनोट सत्र में निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. विनय रंजन ने कहा कि कोल इंडिया ने स्थापना के बाद से कई सकारात्मक बदलाव देखे हैं। उन्होंने कार्यस्थल पर बेहतर संवाद और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने पर जोर दिया, जिससे संगठनात्मक प्रदर्शन और हितधारकों की अपेक्षाओं को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सके।
उद्घाटन सत्र में कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों के निदेशक (HR), एसईसीएल के निदेशकगण और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

कॉन्क्लेव के पहले दिन विभिन्न संवाद सत्रों में एचआर टीमों द्वारा नवाचारों और बेहतर प्रबंधन उपायों पर प्रस्तुतियां दी गईं। इस सम्मेलन में 100 से अधिक HR अधिकारी भाग ले रहे हैं, जहां देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे।
दो दिवसीय इस कॉन्क्लेव से प्रतिभागियों को आधुनिक HR प्रबंधन, औद्योगिक संबंधों और कार्यस्थल सुधार के नए दृष्टिकोण मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
