11 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/तखतपुर
बिलासपुर। टोनही प्रताड़ना जैसी कुप्रथा के खिलाफ तखतपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने 5 अप्रैल 2026 को थाना तखतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर के पास एक युवक के गिरने के बाद आरोपी पक्ष ने उसे “टोनही” कहकर गाली-गलौज की और मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 211/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी देवेन्द्र बघेल (28 वर्ष) और उसकी मां सुमित्रा बाई बघेल (49 वर्ष) निवासी ग्राम ढनढन, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर द्वारा पीड़िता को टोनही बताकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने जांच के बाद प्रकरण में टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम 2005 की धारा 4 और 5 जोड़ी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना तखतपुर पुलिस टीम के अधिकारी एवं जवानों का सराहनीय योगदान रहा।
