11 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रतनपुर
जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में अवैध रेत खनन के दौरान एक नाबालिग की मौत का गंभीर मामला सामने आया है। रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रेत माफिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 की रात करीब 3 बजे पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गढ़वट स्थित खारंग नदी के किनारे रेत परिवहन के दौरान 17 वर्षीय अमित कश्यप की मौत हो गई है। सूचना पर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन ने तत्काल टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

मर्ग जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी तोषण कश्यप (34 वर्ष), निवासी गढ़वट, अवैध रूप से रेत खनन कर रहा था। अधिक मुनाफे के लालच में उसने नदी में 6-7 फीट गहरे गड्ढे में यह जानते हुए भी नाबालिग अमित कश्यप और एक अन्य युवक अमित यादव को काम करने के लिए उतारा कि गड्ढा कभी भी धंस सकता है।
इसी दौरान अचानक रेत और मिट्टी धंस गई, जिससे अमित कश्यप दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अमित यादव को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद आरोपी ने साक्ष्य छुपाने की कोशिश करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को घटनास्थल से दूर ले जाकर पलट दिया और झूठी सड़क दुर्घटना की कहानी गढ़ी, ताकि मामले को दबाया जा सके।
पुलिस जांच में सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और 238(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अंशिका जैन, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नरेश गर्ग और आरक्षक गोविंदा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध खनन पर पुलिस की सख्ती जारी है, वहीं इस घटना ने रेत माफियाओं की लापरवाही और मानव जीवन के प्रति उनकी बेरुखी को उजागर कर दिया है।
