07 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/मस्तूरी
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। सोशल मीडिया पर रील बनाना एक आरक्षक को महंगा पड़ गया। वर्दी में पत्नी के साथ फिल्मी गाने पर डांस कर इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करने के बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया।
मामला तब सामने आया जब एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें एक पुलिसकर्मी अपनी पत्नी के साथ ‘हाय रानी, हेलो रानी’ गाने पर डांस करता नजर आया। वीडियो में वह वर्दी में दिखाई दे रहा था, जिससे यह मामला विभागीय अनुशासन से जुड़ गया।

जांच में सामने आया कि वीडियो में दिख रहा पुलिसकर्मी मस्तूरी थाना में पदस्थ आरक्षक देवानंद कैवर्त्य है। उसने खुद यह वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की।

पुलिस नियमों के अनुसार वर्दी में किसी भी प्रकार की निजी या मनोरंजनात्मक गतिविधि का सार्वजनिक प्रदर्शन अनुशासनहीनता माना जाता है। इसी आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस वर्दी केवल कपड़ा नहीं, बल्कि सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इसे पहनकर इस तरह की गतिविधियां करना अनुचित है और विभागीय नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसी कड़ी में एसएसपी रजनेश सिंह की सख्त कार्यशैली एक बार फिर सामने आई है। विभागीय शिकायत मिलते ही उन्होंने बिना देरी किए तत्काल संज्ञान लिया और कार्रवाई करने में कोई चूक नहीं की। वायरल हुए एक आरक्षक के मामले में आधी रात को ही लाइन अटैच का नोटिस थमा दिया गया।
एसएसपी की ‘प्रहार’ शैली की यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि अनुशासनहीनता और गलत आचरण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में भी वे सख्त रुख अपनाए हुए हैं और लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।
दूसरी ओर ‘चेतना’ और ‘सियान’ जैसे जागरूकता अभियानों का भी व्यापक प्रभाव देखने को मिल रहा है, जिससे आम जनता के साथ-साथ पुलिस कर्मियों में भी सकारात्मक बदलाव नजर आ रहा है।
