07 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा पुलिस लाइन स्थित चेतना भवन में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रातः 6:00 बजे से प्रारंभ हुआ, जिसमें 300 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने स्वास्थ्य का परीक्षण कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य लगातार ड्यूटी में तैनात पुलिस जवानों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना रहा। यातायात पुलिस के जवान धूल, धूप, बारिश और प्रदूषण जैसी कठिन परिस्थितियों में 24×7 ड्यूटी निभाते हैं, जिसे देखते हुए यह पहल की गई।

शिविर में हृदय रोग, श्वास एवं छाती रोग, मधुमेह, रक्तचाप, हड्डी एवं चर्म रोग सहित विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच, परामर्श और उपचार प्रदान किया गया। साथ ही जवानों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, धूप से बचाव, मानसिक तनाव से दूर रहने और संतुलित आहार लेने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।
मुख्य अतिथि एसएसपी रजनेश सिंह ने अपने संबोधन में जवानों को समय पर भोजन और पर्याप्त नींद लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या से ही बेहतर कार्यक्षमता संभव है।

वहीं, अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर के यूनिट हेड डॉ. अभय गुप्ता ने अधिक नमक और शक्कर से परहेज रखने तथा नियमित व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने पर जोर दिया। एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने भी जवानों को मानसिक एवं पारिवारिक संतुलन बनाए रखने और समस्याओं को साझा करने की सलाह दी।
इस दौरान आईएमए बिलासपुर के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद जायसवाल, डॉ. मोहन गुप्ता, डॉ. प्रसन्ना सिंह सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में उपस्थित सभी जवानों को जांच के बाद स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी विशेष व्याख्यान भी दिए गए।
यह आयोजन पुलिस विभाग की संवेदनशील पहल का उदाहरण है, जिसमें जवानों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उन्हें बेहतर जीवनशैली के लिए प्रेरित किया गया।

