07 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 7 अप्रैल 2026। शहर में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से त्रिनेत्र सेवा समिति की अहम बैठक इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमाण्ड सेंटर, तारबाहर में आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर में जनसहभागिता के माध्यम से अधिक से अधिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे अपराधों पर त्वरित नियंत्रण और अपराधियों की पहचान में आसानी होगी। महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की भी योजना बनाई गई है।

समिति के विस्तार के तहत विभिन्न प्रशासनिक एवं संस्थागत प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। साथ ही तकनीकी समिति में साइबर सेल और स्मार्ट सिटी के विशेषज्ञों को भी जोड़ा गया है, जिससे निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में शहर के बड़े उद्योगों के साथ छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था का लाभ हर वर्ग तक पहुंच सके।
अधिकारियों ने वर्तमान सीसीटीवी निगरानी प्रणाली की जानकारी साझा की, जिसकी उपस्थित सदस्यों ने सराहना की। अंत में समिति के पदाधिकारियों की घोषणा के साथ बैठक का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

