05 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तोरवा
हनुमान जयंती के अवसर पर निकली शोभायात्रा के दौरान बिलासपुर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां भीड़ के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तोरवा थाना क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को शहर में हनुमान जयंती के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर शोभायात्राएं निकाली जा रही थीं। इसी दौरान प्रार्थी सन्नी श्रीवास अपने साथी सूरज साहू के साथ पेंडलवार अस्पताल, तोरवा के पास रैली देख रहे थे। तभी दयालबंद निवासी प्रियांशु बोले अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और साइड हटने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच मुख्य आरोपी प्रियांशु बोले ने अपने पास रखे धारदार चाकू से सूरज साहू के पेट पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। थाना तोरवा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रैक कर 5 अप्रैल 2026 को कोतवाली क्षेत्र से तीनों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
1. प्रियांशु बोले पिता अरूण बोले उम्र 25 साल साकिन गुरूद्वारा के पास दयालबंद कोतवाली
2.ओम बोले पिता अरूण बोले उम्र 23 साल साकिन गुरूद्वारा के पास दयालबंद कोतवाली
3.के राघवेन्द्र राव उर्फ सुरेश पिता के श्रीनिवास राव उम्र 26 साल पता रिवर साईड होटल तोरवा
जप्ती:
घटना में प्रयुक्त एक लोहे का धारदार चाकू
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
✍️प्रधान संपादक, सीजी क्राइम रिपोर्टर✍️